बेंगलुरु से दिल्ली भेजी जा रही है नई वंदे भारत स्लीपर रैक! जानें पूरा रूट

हुबली। भारतीय रेलवे के वंदे भारत स्लीपर बेड़े में एक और अहम कदम उठाया जा रहा है। रेलवे बोर्ड के 27 अगस्त 2026 के निर्देश के अनुसार, नई बनी वंदे भारत स्लीपर रैक नंबर 5 को प्राथमिकता के आधार पर उत्तर रेलवे (NR) भेजा जाएगा। इसकी अनुमति दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) मुख्यालय, हुबली की ओर से 28 अगस्त 2026 को जारी पत्र में दी गई है।

कहां से कहां जाएगी यह रैक?

यह नई वंदे भारत स्लीपर रैक बेंगलुरु (SBC) से एक खाली कोचिंग रैक के तौर पर धर्मावरम जंक्शन (DMM), वाडी जंक्शन (WADI), दौंड जंक्शन (DD), खंडवा जंक्शन (KNW), बीना जंक्शन (BINA), आगरा कैंट (AGC) और गाजियाबाद जंक्शन (GZB) होते हुए नई दिल्ली/उत्तर रेलवे तक भेजी जाएगी। यानी यह रैक कर्नाटक से होते हुए महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के रास्ते दिल्ली पहुंचेगी।

क्यों है यह अहम?

वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें लंबी दूरी के रात्रि सफर के लिए बनाई गई हैं और इन्हें राजधानी एक्सप्रेस जैसी सेवाओं का आधुनिक विकल्प माना जा रहा है। नई रैक को उत्तर रेलवे भेजे जाने से यह संकेत मिलता है कि दिल्ली से जुड़े किसी रूट पर जल्द वंदे भारत स्लीपर सेवा शुरू होने की तैयारी चल रही है, हालांकि पत्र में किसी खास ट्रेन नंबर या रूट का जिक्र नहीं किया गया है।

आगे क्या?

रूट को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यह चर्चा जारी है। हालांकि सूत्रों के अनुसार नई दिल्ली-गाजीपुर, नई दिल्ली-वाराणसी और नई दिल्ली-हावड़ा रूट को इस रैक के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा है, वहीं नई दिल्ली-सूरत और नई दिल्ली-मुंबई रूट भी विचाराधीन बताए जा रहे हैं। स्पष्ट कर दें कि यह जानकारी अभी अनौपचारिक है, इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है।