अब सतना नहीं, सागमा-कैमा होते हुए चलेगी आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस! रूट में बड़ा बदलाव

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) ने ट्रेन नंबर 12428/12427 आनंद विहार टर्मिनल-रीवा एक्सप्रेस के रूट में बड़ा बदलाव करने की घोषणा की है। अब यह ट्रेन सतना (STA) स्टेशन से होकर जाने के बजाय सागमा-कैमा (SAGM-KMA) चोर्ड लाइन से चलेगी। यह मंजूरी रेलवे बोर्ड के 21 अगस्त 2026 के पत्र के आधार पर दी गई है।

कब से लागू होगा यह बदलाव?

यह नया रूट 23 अक्टूबर 2026 से एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के तहत लागू होगा। इसके साथ ही कैमा (KMA) स्टेशन पर ट्रेन का नया वाणिज्यिक ठहराव भी शुरू किया जाएगा।

क्या बदलेगा समय में?

ट्रेन नंबर 12428 आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस अभी मानिकपुर (MKP) से सुबह 08:33-08:35 बजे रवाना होकर सतना 09:45-10:55 बजे और कैमा 10:18 बजे होते हुए सुबह 11:10 बजे रीवा पहुंचती है। नए रूट में यह मानिकपुर से उसी समय रवाना होगी, लेकिन अब सागमा 09:47 बजे और कैमा 09:50-09:55 बजे होते हुए 11:10 बजे रीवा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 12427 रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस अभी रीवा से शाम 16:20 बजे रवाना होकर कैमा 16:58 बजे, सतना 17:15-17:25 बजे होते हुए मानिकपुर 18:55-18:57 बजे पहुंचती है। नए रूट में यह रीवा से उसी समय रवाना होकर कैमा 17:10-17:15 बजे और सागमा 17:35 बजे होते हुए मानिकपुर 18:55-18:57 बजे पहुंचेगी।

आगे क्या?

रेलवे ने संबंधित विभागों को यह निर्देश दिया है कि नए रूट की जानकारी पीआरएस (PRS) सिस्टम में अपडेट की जाए, ताकि टिकट बुकिंग नए समय और रूट के अनुसार हो सके। साथ ही इस बदलाव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को पहले से इसकी जानकारी मिल सके।