नई दिल्ली। वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे बोर्ड अब मौजूदा वंदे भारत ट्रेनों के बेड़े का विस्तार करने की तैयारी में है और 20 कोच वाले रैक को बढ़ाकर 24 कोच तक करने की संभावना तलाश रहा है। हालांकि इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) इन कोचों का उत्पादन शुरू करे, उससे पहले रेलवे बोर्ड यह जानना चाहता है कि मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर और यात्रियों की मांग इस विस्तार के लिए तैयार है या नहीं।
किन 9 ट्रेनों पर होगा आकलन?
रेलवे बोर्ड ने संबंधित जोनल रेलवे से निम्नलिखित 9 वंदे भारत सेवाओं के लिए परिचालन और मेंटेनेंस से जुड़ी व्यवहार्यता की जांच करने को कहा है, ताकि इन्हें 20 कोच से बढ़ाकर 24 कोच किया जा सके:
- 22415/22416 वाराणसी (BSB) - नई दिल्ली (NDLS)
- 22436/22435 नई दिल्ली (NDLS) - वाराणसी (BSB)
- 20977/20978 अजमेर (AII) - चंडीगढ़ (CDG)
- 22439/22440 नई दिल्ली (NDLS) - श्री माता वैष्णो देवी कटरा (SVDK)
- 22477/22478 श्री माता वैष्णो देवी कटरा (SVDK) - नई दिल्ली (NDLS)
- 22426/22425 अयोध्या कैंट (AYC) - आनंद विहार टर्मिनल (ANVT)
- 26481/26482 जोधपुर (JU) - दिल्ली कैंट (DEC)
- 26401/26402 जम्मू तवी (JAT) - श्रीनगर (SINA)
- 26403/26404 श्रीनगर (SINA) - जम्मू तवी (JAT)
क्यों जरूरी है यह जांच?
पत्र के अनुसार, रेलवे बोर्ड चाहता है कि संबंधित जोनल रेलवे इस प्रस्ताव की विस्तार से समीक्षा करें और मौजूदा के साथ-साथ भविष्य की परिचालन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपनी राय जल्द से जल्द भेजें, ताकि इसे आगे रेलवे बोर्ड के पास भेजा जा सके। यानी अभी यह सिर्फ एक व्यवहार्यता अध्ययन का चरण है, कोचों की संख्या बढ़ाने का अंतिम फैसला नहीं।
यात्रियों के लिए क्यों है यह अहम?
वंदे भारत एक्सप्रेस की मांग बीते कुछ वर्षों में लगातार बढ़ी है, खासकर वाराणसी, कटरा, श्रीनगर और अयोध्या जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों के रूट पर। मौजूदा 20 कोच वाले रैक में अक्सर सीटें फुल रहती हैं और वेटिंग की स्थिति बनती है। अगर कोच बढ़ाकर 24 किए जाते हैं, तो इन रूटों पर यात्रियों को ज्यादा सीटें मिल सकेंगी और वेटिंग की समस्या भी कुछ हद तक कम हो सकती है।
आगे क्या?
अब गेंद संबंधित जोनल रेलवे के पाले में है, जिन्हें अपने-अपने रूट पर स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर, प्लेटफॉर्म लंबाई, मेंटेनेंस सुविधाओं और यात्री मांग का आकलन कर अपनी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजनी होगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि इन 9 वंदे भारत ट्रेनों को 24 कोच तक बढ़ाया जा सकता है या नहीं। जैसे ही इस पर कोई ठोस फैसला होता है, इसकी पूरी जानकारी सामने आएगी।
Comments (0)