अमृतसर से पुणे के बीच सीधी वंदे भारत ट्रेन सेवा की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर संसद में सवाल उठाया गया, जिस पर रेलवे ने अपना जवाब दिया है।
अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट और बियास सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में यात्री रोजगार, शिक्षा, व्यापार, रक्षा सेवा, स्वास्थ्य और तीर्थयात्रा के लिए नियमित रूप से पुणे आते-जाते हैं। सीधी ट्रेन न होने के कारण इन्हें मुंबई या अन्य जंक्शनों के रास्ते यात्रा करनी पड़ती है, जिससे यात्रा में अधिक समय लगता है और खर्च भी बढ़ जाता है।
रेलवे के अनुसार, फिलहाल उत्तर रेलवे के पास इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। हालांकि, जम्मू तवी और पुणे के बीच ट्रेन नंबर 11077/11078 प्रतिदिन उपलब्ध है, जो पठानकोट, जालंधर, लुधियाना, फगवाड़ा, सरहिंद और राजपुरा होते हुए पुणे तक कनेक्टिविटी प्रदान करती है।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी नई ट्रेन सेवा की शुरुआत एक नीतिगत मामला है, जिसका निर्णय रेलवे बोर्ड स्तर पर लिया जाता है। फिलहाल इस रूट पर वंदे भारत शुरू करने को लेकर कोई ठोस समयसीमा तय नहीं की गई है।
Comments (0)